अमृतपाल सिंह को 3 घंटे की कस्टडी पैरोल, 21 नवंबर को दादी के अंतिम संस्कार में होंगे शामिल

अमृतसर कोर्ट ने सांसद अमृतपाल सिंह को दी कस्टडी पैरोल, 21 नवंबर को दादी के अंतिम संस्कार में होंगे शामिल

अमृतसर: पंजाब के खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए कस्टडी पैरोल मिल गई है। मंगलवार को अमृतसर की अदालत ने उन्हें 21 नवंबर को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक पैरोल देने की मंजूरी दी। इस दौरान वह असम की डिब्रूगढ़ जेल से पंजाब लाए जाएंगे और अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।

अदालत के फैसले से पहले ही उनकी पार्टी अकाली दल ‘वारिस पंजाब दे’ ने सोशल मीडिया पर 21 नवंबर को अमृतपाल के जेल से बाहर आने की जानकारी साझा की थी। अमृतपाल अप्रैल 2023 से असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं।

8 नवंबर को हुआ था दादी चरण कौर का निधन

अमृतपाल सिंह की दादी चरण कौर का 8 नवंबर को निधन हो गया था। परिवार ने अभी तक उनका अंतिम संस्कार नहीं किया है। दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अमृतपाल को कस्टडी पैरोल देने की मांग की गई थी।

इससे पहले 14 नवंबर को भी उन्हें तीन घंटे की कस्टडी पैरोल मिली थी, लेकिन उस दौरान उन्हें जेल से बाहर नहीं लाया जा सका।

वकीलों ने 21 से 23 नवंबर तक पैरोल मांगी थी

पहले प्रयास में अमृतपाल को जेल से बाहर नहीं लाया जा सका, जिसके बाद उनके वकीलों ने 21 से 23 नवंबर तक पैरोल देने की मांग की थी। अब अदालत ने 21 नवंबर को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक कस्टडी पैरोल मंजूर की है।

अमृतपाल के वकील हरजोत ने बताया कि आने-जाने और अन्य सभी व्यवस्थाओं का खर्च परिवार को ही उठाना होगा। अदालत के आदेश के मुताबिक, अमृतपाल इस निर्धारित समय के दौरान अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल हो सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *