मोहाली के टिप्पर ड्राइवर ने जीती 12 करोड़ की लॉटरी, 500 रुपये के टिकट से चमकी किस्मत

मोहाली के टिप्पर ड्राइवर ने जीती 12 करोड़ की लॉटरी, 500 रुपये के टिकट ने बदली किस्मत

मोहाली: पंजाब के मोहाली जिले में एक टिप्पर ड्राइवर की किस्मत चमक गई है। डेराबस्सी के नजदीक हुमायूंपुर गांव के रहने वाले बलजिंदर सिंह ने दिवाली बंपर 2026 का 12 करोड़ रुपये का पहला इनाम जीत लिया है। उन्होंने महज 500 रुपये में लॉटरी का टिकट खरीदा था। सोमवार रात करीब 11 बजे उन्हें फोन के जरिए इनाम निकलने की जानकारी मिली।

45 वर्षीय बलजिंदर सिंह खेती के साथ-साथ टिप्पर चलाकर परिवार का गुजारा करते हैं। उनका परिवार पिछले करीब 15 साल से लॉटरी के टिकट खरीद रहा था। इस बार 10 नवंबर को उन्होंने हंडेसरा में एक लॉटरी विक्रेता से 500 रुपये का टिकट लिया था।

टैक्स कटने के बाद मिलेंगे 8.40 करोड़ रुपये

12 करोड़ रुपये की इनामी राशि में से 30 प्रतिशत टैक्स काटने के बाद बलजिंदर सिंह को करीब 8.40 करोड़ रुपये मिलने की जानकारी दी गई है। भुगतान की पूरी प्रक्रिया में डेढ़ से तीन महीने तक का समय लग सकता है।

इनाम का दावा करने के लिए विजेता को अपना मूल लॉटरी टिकट और दो पहचान पत्रों के साथ डायरेक्टर, लॉटरी पंजाब विभाग के कार्यालय में दस्तावेज जमा कराने होंगे। इसके बाद विभाग की ओर से फाइल तैयार कर सरकार को भेजी जाएगी और निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने पर इनामी राशि जारी की जाएगी।

परिवार और गांव में खुशी का माहौल

12 करोड़ रुपये का इनाम निकलने की खबर मिलते ही बलजिंदर सिंह के परिवार और रिश्तेदारों में खुशी की लहर दौड़ गई। गांव के लोग भी उन्हें बधाई देने पहुंच रहे हैं। फिलहाल परिवार ने इतनी बड़ी रकम के इस्तेमाल को लेकर कोई योजना नहीं बनाई है। उनकी प्राथमिकता इनाम की राशि हासिल करने के लिए जरूरी औपचारिकताएं पूरी करना है।

बलजिंदर सिंह अपने परिवार और दोस्तों के साथ जीरकपुर स्थित लॉटरी कार्यालय भी पहुंचे, जहां उन्होंने इनाम का दावा पेश करने और भुगतान से जुड़ी दस्तावेजी प्रक्रिया शुरू की।

बोले- 15 साल से लॉटरी खरीद रहा हूं, परमात्मा ने मेरी सुन ली

बलजिंदर सिंह ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वह खुद को बहुत खुशकिस्मत मानते हैं। उन्होंने बताया कि वह पिछले 15 साल से लॉटरी खरीद रहे हैं और पेशे से टिप्पर ड्राइवर हैं। उनके परिवार में पिता और दो बच्चे हैं। उनके पास करीब ढाई से तीन एकड़ जमीन भी है।

उन्होंने कहा कि जब उन्हें फोन आया और इनाम निकलने की जानकारी मिली, तो पूरे परिवार और रिश्तेदारों में खुशी का माहौल बन गया। बलजिंदर के मुताबिक, उन्हें लगता है कि आखिरकार परमात्मा ने उनकी सुन ली।

सरपंच बोले- छोटे किसान परिवार से हैं बलजिंदर

गांव के सरपंच दलबीर सिंह ने बताया कि बलजिंदर उनके रिश्ते में भतीजा लगता है। वह महिंदर सिंह का बेटा है और एक छोटे किसान परिवार से संबंध रखता है। बलजिंदर स्टोन क्रशर पर टिप्पर चलाने का काम करते हैं।

सरपंच ने कहा कि बलजिंदर की लॉटरी निकलने से पूरे गांव में खुशी है। उन्होंने दिवाली बंपर की इनामी राशि 5 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 12 करोड़ रुपये करने के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद भी किया।

पंजाब की अब तक की सबसे बड़ी लॉटरी का पहला इनाम

पंजाब सरकार की लॉटरी योजनाओं में पिछले कुछ वर्षों के दौरान पहले इनाम की राशि बढ़ाई गई है। दिवाली बंपर 2026 में पहला इनाम 12 करोड़ रुपये रखा गया, जिसे पंजाब की अब तक की सबसे बड़ी लॉटरी राशि बताया जा रहा है।

इससे पहले वर्ष 2025 के दिवाली बंपर में पहला इनाम 11 करोड़ रुपये था, जबकि जनवरी 2025 में लोहड़ी-मकर संक्रांति बंपर का पहला इनाम 10 करोड़ रुपये रखा गया था। इस बार 500 रुपये के टिकट पर 12 करोड़ रुपये का इनाम जीतकर बलजिंदर सिंह चर्चा में आ गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *