तरनतारन फायरिंग केस में SHO लाइन हाजिर, 4 युवकों पर चलीं 12 गोलियां; 19 वर्षीय युवक की मौत, परिजनों का प्रदर्शन
तरनतारन: पंजाब के तरनतारन में शनिवार दोपहर माता के जागरण के लिए लंगर तैयार कर रहे युवकों पर हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बाइक पर आए हमलावरों ने करीब 12 राउंड गोलियां चलाईं, जिसमें चार युवक घायल हो गए। इनमें 19 वर्षीय सुखराज सिंह की पेट में गोली लगने से मौत हो गई।
मामले में पुलिस की कथित लापरवाही को देखते हुए SSP सुरिंदर लांबा ने SHO परमजीत विरदी का तबादला कर उन्हें लाइन हाजिर कर दिया है।
वारदात के बाद मृतक और घायलों के परिजनों ने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम करवाने से इनकार कर दिया और अस्पताल के बाहर शव रखकर धरना दिया। उनका कहना है कि हमलावर पहले भी धमकियां दे रहे थे और इस संबंध में पुलिस को कई बार लिखित शिकायतें दी गई थीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
जागरण के लिए लंगर की तैयारी कर रहे थे युवक
माता नैना देवी सेवक सभा की ओर से शनिवार रात 26वां विशाल भगवती जागरण करवाया जाना था। इसके लिए सभा से जुड़े युवक लंगर की व्यवस्था में जुटे हुए थे।
शनिवार दोपहर करीब 2 बजे युवक लंगर का सामान लेकर मोहल्ला गुरु का खूह में महाराजा रणजीत सिंह पब्लिक स्कूल के पास पहुंचे थे। वे वहां लंगर की तैयारियां कर रहे थे, तभी मोटरसाइकिलों पर सवार हमलावर मौके पर पहुंच गए।
मोहित कुमार साथियों के साथ पहुंचा, अंधाधुंध फायरिंग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोहल्ले का मोहित कुमार अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिलों पर वहां पहुंचा था। उसके साथ हरप्रीत सिंह हैप्पी, लवप्रीत सिंह, विशाल गिल, रघु कुमार, विनय कुमार और कुछ अन्य अज्ञात लोग भी बताए जा रहे हैं।
आरोप है कि इनमें से करीब चार युवकों ने पिस्तौलों से ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। करीब 12 राउंड फायरिंग के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
सुखराज की मौत, तीन घायल अस्पताल में भर्ती
फायरिंग में मोहल्ला गुरु का खूह निवासी 19 वर्षीय सुखराज सिंह के पेट में गोली लगी। उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
वहीं, राकेश कुमार उर्फ काका, ऋषि कुमार और बॉबी कुमार भी गोली लगने से घायल हुए हैं। राकेश को गुरु नानक देव सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जबकि ऋषि और बॉबी का इलाज सिविल अस्पताल तरनतारन में चल रहा है।
शव सड़क पर रखकर परिजनों का धरना
घटना के बाद मृतक और घायलों के परिजनों ने पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। परिजनों ने मृतक का पोस्टमॉर्टम करवाने से इनकार कर दिया और अस्पताल के बाहर शव रखकर धरना शुरू कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि हमलावरों की ओर से पहले भी धमकियां दी जा रही थीं। उन्होंने इस संबंध में पुलिस को कई बार लिखित शिकायतें दी थीं, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं की गई। इसी नाराजगी के चलते परिजन सड़क पर प्रदर्शन कर रहे हैं।
SHO परमजीत विरदी लाइन हाजिर
मामले में पुलिस की भूमिका पर उठे सवालों के बीच SSP सुरिंदर लांबा ने SHO परमजीत विरदी का तबादला कर उन्हें लाइन हाजिर कर दिया है। परिजनों की शिकायतों और पुलिस की कथित लापरवाही को लेकर अब मामले में आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।

