पठानकोट में गन पॉइंट पर XUV-500 लूटने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, गुजरात से पकड़ा गया मास्टरमाइंड
पठानकोट: पंजाब के पठानकोट में हथियार के दम पर XUV-500 गाड़ी लूटने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वारदात में शामिल चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से लूटी गई गाड़ी भी बरामद कर ली गई है। मामले के मुख्य आरोपी को गुजरात के वडोदरा से गिरफ्तार किया गया।
बॉर्डर रेंज अमृतसर के IG गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि घटना को सुलझाने के लिए पठानकोट के SSP के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया था। जांच के दौरान गुजरात पुलिस की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
अमृतसर और गुरदासपुर के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर निवासी सुरजीत सिंह उर्फ शीना और पुनीत शर्मा उर्फ काका तथा गुरदासपुर निवासी पवन उर्फ पानी और राहुल भट्टी उर्फ बॉबी के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि मामले के मुख्य आरोपी सुरजीत सिंह उर्फ शीना को गुजरात पुलिस की सहायता से वडोदरा से गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
मास्टरमाइंड पर हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट का केस
पुलिस के अनुसार, सुरजीत सिंह उर्फ शीना के खिलाफ अमृतसर के थाना सदर में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पठानकोट में XUV-500 लूटने की घटना को लेकर थाना सुजानपुर में केस दर्ज किया गया है।
लूटी गई गाड़ी बरामद, आगे की जांच जारी
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ लूटी गई XUV-500 भी बरामद कर ली है। IG गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने इसे पुलिस की बड़ी कामयाबी बताया। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

