ठंड बढ़ने के साथ वायरल संक्रमण का खतरा, बुखार-खांसी और जुकाम के मामलों में हो सकती है बढ़ोतरी; डॉक्टर ने दी सलाह
जालंधर: मौसम में तेजी से बदलाव के साथ पंजाब में ठंड और शीतलहर का असर बढ़ने लगा है। तापमान में गिरावट और सुबह-शाम बढ़ती ठंड को देखते हुए लोगों को अपनी सेहत के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है। आने वाले दिनों में बुखार, खांसी, जुकाम और अन्य वायरल संक्रमण के मामले बढ़ने की आशंका को देखते हुए डॉक्टरों ने बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।
टैगोर अस्पताल के चेयरमैन डॉ. विजय महाजन ने बताया कि मौसम में अचानक बदलाव और शीतलहर का असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। ऐसे में सुबह और देर शाम घर से बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहनना जरूरी है।
बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से बचाना जरूरी
डॉ. महाजन के अनुसार, सुबह और शाम बाहर निकलते समय स्वेटर, जैकेट और सिर ढकने के लिए टोपी का इस्तेमाल करना चाहिए। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से ठंड से बचाकर रखना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि बदलते मौसम के दौरान बुखार, खांसी, जुकाम, गले में खराश और अन्य वायरल संक्रमण की समस्याएं बढ़ सकती हैं। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से किसी बीमारी से पीड़ित लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए।
पौष्टिक भोजन और पर्याप्त नींद पर दें ध्यान
डॉक्टर ने लोगों को अपनी दिनचर्या और खानपान का ध्यान रखने की सलाह दी है। उनके मुताबिक, मौसमी संक्रमण से बचाव के लिए संतुलित और पौष्टिक भोजन लेना, पर्याप्त पानी पीना, नियमित नींद लेना और व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखना जरूरी है।
लक्षण दिखने पर समय पर लें डॉक्टर की सलाह
डॉ. विजय महाजन ने कहा कि मौसम में बदलाव और ठंड को देखते हुए पहले से ही बचाव के उपाय अपनाने चाहिए। गर्म कपड़े पहनना, ठंड से बचना और पौष्टिक आहार लेना जरूरी है। यदि बुखार, खांसी, जुकाम या गले में खराश जैसे लक्षण दिखाई दें तो समय पर चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी और सही दिनचर्या अपनाकर मौसमी बीमारियों के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

