गुरदासपुर में पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों का CASO ऑपरेशन, कई लोग हिरासत में; बिना नंबर प्लेट वाले वाहन भी कब्जे में लिए
गुरदासपुर: जिला पुलिस ने केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ मिलकर नगर सुधार ट्रस्ट की स्कीम नंबर-7 में CASO (कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन) के तहत विशेष तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया और बिना नंबर प्लेट वाले कई वाहनों को भी कब्जे में लिया।
गुरदासपुर के SSP आदित्य ने बताया कि उच्च पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। पुलिस को शिकायतें मिल रही थीं कि स्कीम नंबर-7 में कुछ अज्ञात लोग रह रहे हैं और मकान मालिकों ने किरायेदारों की जानकारी पुलिस को नहीं दी है।
नशा तस्करी और अवैध शराब के खिलाफ अभियान
SSP के मुताबिक, यह ऑपरेशन नशा तस्करी के हॉटस्पॉट, आबकारी कानून के तहत शराब की तस्करी के लिए बदनाम इलाकों और बिना पुलिस को सूचना दिए किरायेदार रखने वाले मकान मालिकों के खिलाफ चलाया गया।
नशा तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से केंद्रीय सुरक्षा बलों के सहयोग से इलाके में तलाशी ली गई। इस दौरान कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जिन मकान मालिकों ने पुलिस को जानकारी दिए बिना किरायेदार रखे हैं, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
बिना नंबर प्लेट वाले वाहन कब्जे में लिए
अभियान के दौरान पुलिस ने कुछ ऐसे वाहन भी कब्जे में लिए, जिन पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। SSP ने बताया कि इन वाहनों की जांच की जाएगी। यदि इनमें से कोई वाहन चोरी का पाया जाता है तो उसके संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कलानौर और दीनानगर में भी चलाया गया ऑपरेशन
SSP आदित्य ने बताया कि गुरदासपुर के अलावा सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नशे के लिए बदनाम हॉटस्पॉट, कलानौर और दीनानगर में भी इसी तरह के CASO ऑपरेशन चलाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

