जालंधर हादसे में हनी सिंह के भतीजे समेत दो युवकों की मौत, ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई कार

जालंधर में हनी सिंह के भतीजे समेत 2 युवकों की मौत, बर्थडे पार्टी के बाद कार ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी

जालंधर: पंजाब के जालंधर में रविवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। हादसा पुलिस लाइन के पास स्थित फ्लाईओवर पर हुआ, जहां तेज रफ्तार वॉक्सवैगन कार नगर निगम की खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। मृतकों में मशहूर पंजाबी म्यूजिक कंपनी स्पीड रिकॉर्ड के मालिक दिनेश ओलक के बेटे विदित ओलक (18) और पप्पी स्वीट्स के मालिक के बेटे आरव तलवाड़ (19) शामिल हैं।

सिंगर और रैपर यो यो हनी सिंह ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर विदित की मौत पर दुख जताया। उन्होंने लिखा कि उन्होंने अपना भतीजा खो दिया है।

बर्थडे पार्टी के बाद दोस्तों के साथ रेस लगाने की बात आई सामने

परिवार से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, दोनों युवक एक बर्थडे पार्टी में शामिल होने गए थे। पार्टी से लौटते समय चंडीगढ़ से आए दोस्तों के साथ एपीजे कॉलेज के पास उनकी गाड़ियों की रेस शुरू हो गई।

बताया जा रहा है कि इस दौरान एक वॉक्सवैगन कार के साथ थार और स्कोडा गाड़ी भी चल रही थीं। थार और स्कोडा में चंडीगढ़ से आए युवक सवार थे, जबकि वॉक्सवैगन कार में पांच युवक मौजूद थे।

इसी दौरान तेज रफ्तार कार फ्लाईओवर पर खड़ी नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

सफाई के लिए फ्लाईओवर पर खड़ी थी ट्रैक्टर-ट्रॉली

थाना बारादरी के SHO साहिल चौधरी ने बताया कि पुलिस को रविवार सुबह करीब 3 बजे हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि नगर निगम के कर्मचारी फ्लाईओवर पर सफाई कर रहे थे।

कर्मचारियों ने कूड़ा-कचरा इकट्ठा करने के लिए फ्लाईओवर पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी की हुई थी। इसी दौरान BMC चौक से BSF चौक की तरफ मुड़ते समय वॉक्सवैगन कार ट्रॉली में पीछे से जा टकराई।

हादसे के बाद थार और स्कोडा सवार युवक चले गए

परिवार से जुड़े सूत्रों के अनुसार, हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली के ड्राइवर और युवकों के बीच बहस भी हुई। इसके बाद थार और स्कोडा में सवार युवक वहां से चले गए।

वॉक्सवैगन कार में सवार तीन अन्य युवक भी हादसे के बाद अपने घर पहुंच गए थे। पुलिस के अनुसार, कार में आम आदमी पार्टी के एक पार्षद का बेटा भी मौजूद था, जो सुरक्षित है। बाकी दो युवकों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

दोनों परिवारों को सौंपे गए शव

पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे में विदित और आरव की मौत हो गई। दोनों के शव पोस्टमॉर्टम संबंधी प्रक्रिया के बाद परिवारों को सौंप दिए गए।

SHO के मुताबिक, दोनों परिवारों ने फिलहाल कानूनी कार्रवाई करवाने से इनकार कर दिया है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के समय कार में मौजूद अन्य युवक सुरक्षित हैं।

विदित सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग की कर रहा था पढ़ाई

मृतक विदित ओलक, स्पीड रिकॉर्ड के मालिक दिनेश ओलक का बेटा था। जानकारी के अनुसार, वह सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था।

वहीं, 19 वर्षीय आरव तलवाड़ पप्पी स्वीट्स के मालिक का बेटा था। दोनों युवक जालंधर की सेठ हुकुमचंद कॉलोनी के निवासी थे। हादसे के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है।

हनी सिंह ने सोशल मीडिया पर जताया दुख

विदित की मौत की खबर सामने आने के बाद यो यो हनी सिंह ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा, “मेरे लिए यह बेहद दुखद दौर है। मैंने अपना भतीजा खो दिया है। भोलेनाथ मेहर, मेहर, मेहर।”

हनी सिंह की इस पोस्ट के बाद उनके प्रशंसकों और संगीत जगत से जुड़े लोगों ने भी दुख व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *