अमृतसर में हथियार और नशा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश, 7 आरोपी गिरफ्तार; RPG रॉकेट लॉन्चर समेत भारी बरामदगी
पंजाब पुलिस और केंद्रीय एजेंसी का संयुक्त ऑपरेशन; 106 कारतूस, करीब 8 किलो हेरोइन, अफीम और ICE बरामद, विदेशी हैंडलरों से संपर्क होने का दावा
अमृतसर में हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसी के साथ संयुक्त ऑपरेशन में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से RPG रॉकेट लॉन्चर, अवैध पिस्तौल, 106 कारतूस और विभिन्न प्रकार के नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में आरोपियों के विदेशी हैंडलरों से संपर्क होने की बात सामने आई है।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस कार्रवाई की जानकारी साझा की। उनके मुताबिक, बरामद सामान में एक RPG रॉकेट लॉन्चर, दो अवैध पिस्तौल, 106 कारतूस, एक ड्रोन, GPS ट्रैकर और पांच मोबाइल फोन शामिल हैं। बरामद RPG का वजन 22 नेटो बताया गया है।
करीब 8 किलो हेरोइन समेत अन्य नशीले पदार्थ बरामद
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से कुल 7 किलो 904 ग्राम हेरोइन, 5 किलो 152 ग्राम अफीम और 2 किलो 344 ग्राम ICE यानी मेथामफेटामाइन बरामद की गई है।
हथियारों और नशीले पदार्थों की इस बड़ी बरामदगी के बाद पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
विदेशी हैंडलरों से जुड़े होने का शक
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे। पुलिस के मुताबिक, ये हैंडलर कथित तौर पर अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की सप्लाई करवाते थे।
जांच एजेंसियों को आशंका है कि आरोपियों के जरिए हथियार और नशा आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों तक पहुंचाया जाता था। पुलिस अब विदेशी हैंडलरों की पहचान, सप्लाई के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।
तीन पुलिस थानों में दर्ज हुई FIR
इस मामले में अमृतसर के थाना घरिंडा, लोपोके और भिंडी सैदा में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान हथियारों और नशीले पदार्थों की सप्लाई के स्रोत, संभावित खरीदारों और अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
मामले में DIG बॉर्डर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी साझा किए जाने की बात कही गई है। पुलिस की जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

