पंजाब में कोहरे का कहर: मोगा और फिरोजपुर में सड़क हादसे, कई वाहन आपस में टकराए; 9 लोग घायल
मोगा में स्विफ्ट और स्कॉर्पियो की टक्कर के बाद क्रेटा और अर्टिगा भी भिड़ीं; फिरोजपुर में निजी बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर, ग्रामीणों ने घायलों को बाहर निकाला
पंजाब में सुबह के समय छाए कोहरे के कारण सड़क हादसों का सिलसिला देखने को मिला। मंगलवार को मोगा और फिरोजपुर में अलग-अलग दुर्घटनाओं में कई वाहन आपस में टकरा गए। मोगा में कम दृश्यता के चलते चार कारों की टक्कर हुई, जिसमें बच्चों समेत कई लोग घायल हो गए। वहीं, फिरोजपुर में निजी बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत में बस का ड्राइवर और कंडक्टर घायल हुए। बस में सवार कुछ यात्रियों को भी चोटें आईं।
मोगा में स्विफ्ट और स्कॉर्पियो की टक्कर से शुरू हुआ हादसा
मोगा के बाघापुराना-बठिंडा भारतमाला एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे घने कोहरे के कारण हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक, आगे चल रही स्विफ्ट कार को पीछे से आ रही स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्विफ्ट का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई।
पीछे से आई क्रेटा और अर्टिगा भी भिड़ीं
स्विफ्ट और स्कॉर्पियो की टक्कर के बाद पीछे से आ रही क्रेटा और अर्टिगा कारें भी हादसे का शिकार हो गईं। कम दृश्यता के कारण इन वाहनों के चालक समय रहते सामने हुए हादसे को नहीं देख पाए।
बताया गया कि क्रेटा और अर्टिगा में एयरबैग खुलने से उनमें सवार लोगों को गंभीर चोटों से बचाव मिला। उन्हें मामूली चोटें आईं।
कारों के शीशे तोड़कर घायलों को निकाला
शुरुआती टक्कर में स्विफ्ट में सवार बुजुर्ग दंपति और स्कॉर्पियो में बैठे पांच युवक तथा तीन साल का एक बच्चा घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों वाहनों के दरवाजे लॉक हो गए थे।
आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। घायलों को बाहर निकालने के लिए लोगों ने लोहे की रॉड से कारों के शीशे तोड़े और उन्हें बाहर निकाला।
सूचना मिलने पर बाघापुराना पुलिस और एनएचएआई की एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को मोगा के सिविल अस्पताल और बठिंडा के निजी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। सड़क सुरक्षा फोर्स और पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। करीब एक घंटे बाद यातायात दोबारा शुरू हो सका।

फिरोजपुर में बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत
कोहरे के कारण फिरोजपुर में भी सड़क हादसा हुआ। जीरा-कोट ईसे खां मुख्य मार्ग पर गांव लौंगीविंड के पास एक निजी बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहगीरों के साथ मिलकर बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से सभी घायलों को जीरा के नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया।
आने वाले दिनों में हल्की धुंध की संभावना
चंडीगढ़ मौसम विभाग के अधिकारी शविंदर सिंह के मुताबिक, ट्राइसिटी सहित पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में आने वाले सप्ताह के दौरान हल्की धुंध छाने की संभावना है। हालांकि, फिलहाल मौसम विभाग ने घने कोहरे को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया है।
सुबह के समय कम दृश्यता को देखते हुए वाहन चालकों को सावधानी बरतने और सुरक्षित गति से वाहन चलाने की जरूरत है।

