पंजाब में AAP विधायक लालजीत भुल्लर ने 2027 का चुनाव लड़ने से किया इनकार, सोशल मीडिया पर किया ऐलान
अमृतसर DM आत्महत्या मामले में जेल में बंद हैं पट्टी के विधायक और पूर्व मंत्री; पत्नी सुरिंदर कौर भी टिकट की दावेदार, AAP पहले ही जस्सा पट्टी को बना चुकी है हलका इंचार्ज
पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी की राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच पट्टी से AAP विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर अपने फैसले की जानकारी दी।
भुल्लर ने अपनी पोस्ट में लिखा कि पट्टी हलके के लोगों की ओर से उन्हें दोबारा चुनाव लड़ाने की इच्छा जताई जा रही है, लेकिन उन्होंने इस बार चुनाव नहीं लड़ने का निर्णय लिया है।
भुल्लर फिलहाल अमृतसर के पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के जिला मैनेजर डॉ. गगनदीप सिंह रंधावा की आत्महत्या से जुड़े मामले में जेल में बंद हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद पट्टी विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के नेतृत्व को लेकर भी कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं।

पत्नी सुरिंदर कौर भी टिकट की दावेदार
लालजीत सिंह भुल्लर की पत्नी सुरिंदर कौर भी पट्टी विधानसभा सीट से टिकट की दावेदारी जता रही थीं। हालांकि, भुल्लर के जेल में होने के चलते आम आदमी पार्टी ने पहले ही इस सीट पर नया हलका इंचार्ज नियुक्त कर दिया था।
पार्टी ने जसकंवर सिंह गिल उर्फ जस्सा पट्टी को पट्टी हलके की जिम्मेदारी सौंपी है। ऐसे में भुल्लर के चुनाव नहीं लड़ने के ऐलान को आगामी चुनाव से पहले क्षेत्र की राजनीतिक रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भुल्लर के बयान के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या उनकी पत्नी को पार्टी टिकट देगी या जस्सा पट्टी को ही उम्मीदवार बनाया जाएगा। हालांकि, इस संबंध में पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है।
अमृतसर DM आत्महत्या मामले में जेल में हैं भुल्लर
लालजीत सिंह भुल्लर का नाम मार्च 2026 में अमृतसर के पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के जिला मैनेजर डॉ. गगनदीप सिंह रंधावा की आत्महत्या के मामले में सामने आया था। रंधावा की मौत से पहले बनाए गए वीडियो और उनकी पत्नी की शिकायत के बाद यह मामला राजनीतिक और कानूनी विवाद का विषय बन गया।
विवाद बढ़ने के बाद भुल्लर को मंत्री पद छोड़ना पड़ा और पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
टेंडर आवंटन को लेकर दबाव बनाने के लगे आरोप
डॉ. गगनदीप सिंह रंधावा की पत्नी उपिंदर कौर ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि लालजीत सिंह भुल्लर, उनके पिता सुखदेव सिंह और निजी सहायक दिलबाग सिंह गोदाम निर्माण के टेंडर भुल्लर के पिता के पक्ष में करवाना चाहते थे।
शिकायत के मुताबिक, पट्टी और खेमकरण क्षेत्र में गोदामों के निर्माण के टेंडर आवंटित करने को लेकर रंधावा पर दबाव बनाया गया। आरोप है कि नियमों के विरुद्ध टेंडर देने से इनकार करने पर उन्हें धमकाया और परेशान किया गया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि 13 मार्च को पट्टी स्थित भुल्लर के घर पर रंधावा के साथ मारपीट की गई और पिस्तौल की नोक पर 10 लाख रुपये की रिश्वत लेने का कथित वीडियो बनवाया गया।
इसके बाद 21 मार्च 2026 को डॉ. रंधावा ने अमृतसर स्थित अपने घर में जहरीला पदार्थ निगल लिया। मौत से पहले बनाए गए वीडियो में उन्होंने कथित तौर पर भुल्लर का नाम लेकर उन पर दबाव बनाने के आरोप लगाए थे।
23 मार्च को मंडी गोबिंदगढ़ से हुई थी गिरफ्तारी
डॉ. रंधावा की मौत के बाद 22 मार्च को अमृतसर के रणजीत एवेन्यू थाने में लालजीत सिंह भुल्लर, उनके पिता सुखदेव सिंह और निजी सहायक दिलबाग सिंह के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी।
इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108, 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। 23 मार्च को पुलिस ने भुल्लर को फतेहगढ़ साहिब जिले के मंडी गोबिंदगढ़ से गिरफ्तार किया था।
गिरफ्तारी से पहले भुल्लर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा था कि वह फरार नहीं हैं और खुद सरेंडर कर रहे हैं। गिरफ्तारी के बाद उन्हें अमृतसर अदालत में पेश किया गया। पहले पांच दिन और फिर तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला। इसके बाद 1 अप्रैल को अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
जुलाई में खारिज हुई थी जमानत याचिका
इस मामले में लालजीत सिंह भुल्लर की जमानत याचिका 15 जुलाई 2026 को अमृतसर की अदालत ने खारिज कर दी थी। पीड़ित परिवार ने आशंका जताई थी कि जेल से बाहर आने पर भुल्लर अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर गवाहों को प्रभावित कर सकते हैं।
पुलिस ने 21 मई को अदालत में करीब 500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की थी। इसमें 53 गवाहों और दो वीडियो रिकॉर्डिंग को अहम साक्ष्य के तौर पर शामिल किए जाने की बात कही गई थी।
पट्टी में जस्सा पट्टी को मिली थी पार्टी की जिम्मेदारी
भुल्लर की गिरफ्तारी के बाद पट्टी विधानसभा क्षेत्र में AAP के नेतृत्व को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी। उनकी पत्नी सुरिंदर कौर इलाके में सक्रिय रहीं और पार्टी के कार्यक्रमों में भी शामिल होती रहीं।
इसके बाद 29 जुलाई 2026 को आम आदमी पार्टी ने पट्टी में जसकंवर सिंह गिल उर्फ जस्सा पट्टी को हलका इंचार्ज नियुक्त किया। इस नियुक्ति को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा गया।
अब भुल्लर के चुनाव नहीं लड़ने के ऐलान के बाद पट्टी सीट पर AAP की अगली रणनीति और उम्मीदवार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

