चंडीगढ़ में महिला को सिर में गोली, मकान का कब्जा लेने पहुंची थी; वकील गिरफ्तार

चंडीगढ़ में मकान विवाद में महिला को गोली, पुलिस के सामने वकील ने की फायरिंग

चंडीगढ़ | पंजाबी दूरदर्शन

चंडीगढ़ के सेक्टर-42 में शनिवार दोपहर एक संपत्ति विवाद के दौरान महिला को गोली मारने का सनसनीखेज मामला सामने आया। घटना उस समय हुई जब महिला कोर्ट के आदेश पर अपने मकान का कब्जा लेने पहुंची थी। पुलिस ने मौके से आरोपी वकील को गिरफ्तार कर लिया है।

कब्जा दिलाने पहुंची थी महिला

घायल महिला की पहचान मनविंदर कौर, निवासी सेक्टर-19, चंडीगढ़ के रूप में हुई है। वह अदालत के आदेश के तहत अपने मकान का कब्जा लेने पहुंची थीं। कोर्ट के आदेश का पालन कराने के लिए पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद थी।

बालकनी से चलाई गोली

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मकान पर कब्जा किए बैठे वकील जेपीएस चड्ढा ने अपनी लाइसेंसी दुनाली बंदूक से मकान की बालकनी से फायरिंग कर दी।

गोली मनविंदर कौर के सिर में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर गईं। पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

आरोपी मौके से गिरफ्तार

फायरिंग के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी वकील जेपीएस चड्ढा को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी बंदूक भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। मामले में फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *