पंजाब में चलती कर्मभूमि एक्सप्रेस में लगी आग, 4 जनरल कोच चपेट में आए; यात्रियों ने ट्रेन से लगाई छलांग
पंजाब में शुक्रवार दोपहर यात्रियों से भरी कर्मभूमि एक्सप्रेस में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रेन के चार जनरल कोच इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन रुकते ही लोग अपनी जान बचाने के लिए नीचे उतरकर खेतों की ओर भागने लगे। कई यात्रियों ने चलती ट्रेन से छलांग भी लगा दी।
यह घटना फतेहगढ़ साहिब के साधूगढ़ और पटियाला के सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के बीच हुई। हादसे के बाद रेलवे प्रशासन, दमकल विभाग और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल किसी यात्री के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है।
इंजन के साथ लगे जनरल कोच से शुरू हुई आग
रेलवे के अनुसार, ट्रेन नंबर 12508 कर्मभूमि एक्सप्रेस अमृतसर से पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी जा रही थी। शुक्रवार दोपहर करीब 1:15 बजे ट्रेन के इंजन के साथ लगे जनरल कोच में आग लगी।
सरकारी रेलवे पुलिस के शुरुआती बयान के मुताबिक, कोच के पंखे में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी। देखते ही देखते आग ने आसपास के कोचों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
ट्रेन में करीब 1,500 यात्री सवार थे। आग और धुएं को देखकर यात्रियों में दहशत फैल गई। ट्रेन रुकने के बाद लोग सामान छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।
तीन कोच पूरी तरह प्रभावित, चौथे को भी नुकसान
अंबाला मंडल के सीनियर डीसीएम यशनजीत सिंह ने बताया कि आग से तीन कोच पूरी तरह प्रभावित हुए, जबकि चौथा कोच भी आंशिक रूप से इसकी चपेट में आया।
उन्होंने बताया कि ट्रेन में कुल 22 कोच थे और यह अनारक्षित ट्रेन थी। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कराई जाएगी।
उत्तरी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार, सराय बंजारा स्टेशन के पास ट्रेन का सुरक्षा तंत्र सक्रिय हुआ, जिसके बाद ट्रेन रुक गई।
यात्रियों के लिए चलाई गईं दो विशेष ट्रेनें
हादसे के बाद यात्रियों को घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर स्थित सराय बंजारा रेलवे स्टेशन पहुंचने के लिए कहा गया। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए स्टेशन से न्यू जलपाईगुड़ी के लिए दो विशेष ट्रेनें चलाईं।
इसके बाद जले हुए कोचों वाली ट्रेन को रेलवे ट्रैक से हटाया गया और रेल यातायात बहाल कर दिया गया।
आठ ट्रेनों के मार्ग में किया गया बदलाव
कर्मभूमि एक्सप्रेस में आग लगने और रेलवे ट्रैक पर राहत कार्य के कारण रेल यातायात प्रभावित हुआ। इसके चलते आठ ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था की।
फिलहाल रेलवे की ओर से आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

