Punjab Power Crisis: तलवंडी साबो पावर प्लांट की तीनों यूनिटें चालू, 1980 MW बिजली उत्पादन शुरू; संकट से मिलेगी राहत
पंजाब में चल रहे बिजली संकट के बीच लोगों के लिए राहत की खबर सामने आई है। मानसा जिले के बनांवाला गांव स्थित तलवंडी साबो पावर प्लांट की तीनों यूनिटें दोबारा चालू हो गई हैं। करीब 1980 मेगावाट क्षमता वाले इस थर्मल पावर प्लांट से अब पूरी क्षमता के साथ बिजली उत्पादन शुरू होने की जानकारी सामने आई है।
पिछले कुछ दिनों से तकनीकी खराबी के कारण प्लांट की दो यूनिटें बंद थीं। इसके चलते पंजाब के बिजली सिस्टम पर दबाव बढ़ गया था। अब सभी यूनिटों के ग्रिड से जुड़ने के बाद राज्य में बिजली की किल्लत कम होने की उम्मीद है।
तीसरी यूनिट भी सफलतापूर्वक चालू
बनांवाला थर्मल पावर प्लांट के प्रवक्ता के मुताबिक, तकनीकी खराबी के कारण बंद पड़ी तीसरी यूनिट को भी सोमवार देर शाम सफलतापूर्वक शुरू कर दिया गया।
फिलहाल प्लांट की तीनों यूनिटें पूरी क्षमता से चल रही हैं और ग्रिड को बिजली की आपूर्ति कर रही हैं। इससे पंजाब में बिजली की उपलब्धता बढ़ने की उम्मीद है।
नाभा थर्मल प्लांट के सभी यूनिट भी चालू
बिजली संकट के बीच मानसा के तलवंडी साबो प्लांट के अलावा नाभा स्थित 1400 मेगावाट क्षमता वाले थर्मल पावर प्लांट से भी राहत की खबर आई है।
जानकारी के मुताबिक, नाभा प्लांट के सभी यूनिटों ने भी दोबारा सुचारू रूप से बिजली उत्पादन शुरू कर दिया है। पिछले दिनों यहां भी एक यूनिट तकनीकी कारणों से बंद थी।
दो बड़े पावर प्लांट शुरू होने से बढ़ेगी बिजली उपलब्धता
पंजाब में बिजली की मांग बढ़ने और बड़े थर्मल प्लांटों की कुछ यूनिटें बंद होने के कारण पिछले दिनों बिजली व्यवस्था पर दबाव बना हुआ था।
अब तलवंडी साबो और नाभा दोनों बड़े थर्मल पावर प्लांटों के यूनिट दोबारा चलने से राज्य के ग्रिड को अतिरिक्त बिजली उपलब्ध होने की उम्मीद है। इससे घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ उद्योगों को भी राहत मिल सकती है।
हालांकि, बिजली व्यवस्था पर मांग, ग्रिड की स्थिति और अन्य उत्पादन इकाइयों के प्रदर्शन का भी असर रहेगा। फिलहाल दोनों प्रमुख प्लांटों का संचालन शुरू होना पंजाब के लिए महत्वपूर्ण राहत माना जा रहा है।

