पठानकोट में पिस्तौल की नोक पर XUV500 लूटी, पंजाब-जम्मू-कश्मीर में हाई अलर्ट; ड्राइवर को अगवा करने की सूचना निकली गलत
पंजाब के पठानकोट में पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे के डाउनटाउन इलाके से पिस्तौल की नोक पर सफेद रंग की महिंद्रा XUV500 लूटने का मामला सामने आया है। वारदात के बाद पंजाब और जम्मू-कश्मीर पुलिस को अलर्ट कर दिया गया। शुरुआती सूचना में ड्राइवर को भी अगवा किए जाने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने ड्राइवर को गाड़ी से उतारकर वाहन लूटा और फरार हो गया।
लूटी गई XUV500 का नंबर PB-35-AA-9902 है। पुलिस को वाहन के माधोपुर की ओर जाने की जानकारी मिली, जबकि शुरुआती अलर्ट में इसके कठुआ की तरफ जाने की आशंका जताई गई थी। बाद में एसएसपी पठानकोट ने गाड़ी को गुरदासपुर की दिशा में देखे जाने की सूचना का भी उल्लेख किया।
परिवार को घुमाने आया था ड्राइवर, पार्किंग के दौरान हुई वारदात
थाना सुजानपुर में दर्ज FIR नंबर 241 के मुताबिक, शिकायतकर्ता प्रवीण सिंह (40) निवासी महावीर मोहल्ला, बमियाल ने पुलिस को बताया कि वह प्रताप वर्ल्ड स्कूल में बस चलाता है। उसके पुराने परिचित सनी वर्मा उसे अक्सर ड्राइवर के तौर पर अपने साथ ले जाते हैं।
प्रवीण के अनुसार, घटना वाली रात वह सनी वर्मा की पत्नी, बेटी और बेटे को महिंद्रा XUV500 में लेकर डाउनटाउन पुल नंबर-5, सुजानपुर के पास पहुंचा था। परिवार घूमने के लिए अंदर चला गया, जबकि प्रवीण ने लखनपुर की तरफ मुंह करके हाईवे किनारे गाड़ी खड़ी कर दी। वह खुद गाड़ी के अंदर बैठा हुआ था।
छाती पर पिस्तौल तानकर दी गोली मारने की धमकी
प्रवीण सिंह ने पुलिस को बताया कि वह गाड़ी में बैठा था, तभी सिर पर काला परना बांधे एक युवक वहां पहुंचा। आरोपी ने उसकी छाती पर पिस्तौल तान दी और थप्पड़ मारते हुए धमकी दी कि वह तुरंत गाड़ी से नीचे उतर जाए, नहीं तो उसे गोली मार दी जाएगी।
डर के कारण प्रवीण गाड़ी से नीचे उतर गया। इसके बाद आरोपी सफेद XUV500 लेकर फरार हो गया। ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि यदि आरोपी दोबारा उसके सामने आता है तो वह उसकी पहचान कर सकता है।
जम्मू पुलिस के अलर्ट में अपहरण की सूचना, बाद में हुई पुष्टि
वारदात के बाद PCR जम्मू की ओर से आपातकालीन अलर्ट जारी किया गया था। इसमें बताया गया था कि अज्ञात लोगों ने गनपॉइंट पर ड्राइवर का अपहरण कर लिया है और XUV500 समेत उसे पठानकोट से कठुआ की ओर ले जा रहे हैं।
हालांकि, बाद में सामने आए ड्राइवर के बयान के मुताबिक, आरोपी उसे अपने साथ नहीं ले गए थे, बल्कि पिस्तौल दिखाकर गाड़ी से नीचे उतार दिया था। वाहन मालिक के परिवार के सुरक्षित होने की जानकारी भी सामने आई है।
पंजाब-जम्मू हाईवे पर नाकाबंदी, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पठानकोट से कठुआ, सांबा और जम्मू तक हाईवे पर सुरक्षा बढ़ा दी गई। पुलिस नाकों और PCR टीमों को सतर्क किया गया है। हाईवे पेट्रोलिंग टीमों को सफेद XUV500 गाड़ियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस आसपास के CCTV कैमरों और टोल प्लाजा की फुटेज की जांच कर रही है, ताकि लूटी गई गाड़ी की आवाजाही का पता लगाया जा सके।
पहले भी लूटी गई गाड़ियों का आतंकी हमलों में हुआ इस्तेमाल
इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों की चिंता इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि पंजाब में पहले हुई दो बड़ी आतंकी वारदातों में लूटी गई गाड़ियों का इस्तेमाल किया गया था।
- दीनानगर हमला (27 जुलाई 2015): आतंकियों ने एक मारुति कार छीनकर दीनानगर पुलिस थाने पर हमला किया था। इस हमले में पुलिसकर्मियों समेत सात लोगों की मौत हुई थी।
- पठानकोट एयरबेस हमला (1-2 जनवरी 2016): आतंकियों ने टैक्सी ड्राइवर की हत्या कर इनोवा गाड़ी छीनी थी। इसके अलावा पंजाब पुलिस के तत्कालीन एसपी सलविंदर सिंह की SUV भी छीन ली गई थी। इसके बाद पठानकोट एयरबेस पर हमला हुआ, जिसमें सात सुरक्षा कर्मियों की मौत हुई थी।
BNS और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
जांच अधिकारी ASI जसबीर सिंह के मुताबिक, ड्राइवर प्रवीण सिंह की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी और लूटी गई गाड़ी की तलाश में जुटी है।

